प्रभारी सचिव ने बगराना क्वारंटीन सेंटर का दौरा कर ली व्यवस्थाओं की जानकारी
सेवा भारती समाचार
जयपुर। जयपुर जिले के प्रभारी सचिव एसीएस, सुबोध अग्रवाल ने रविवार को बगराना में जेडीए की राजीव आवास योजना स्थित क्वारंटाइन सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने यहां रह रहे लोगों से बात कर उनके हाल-चाल भी जाने, दुबई से आए मजदूरों से उनकी आजीविका के बारे में भी जानकारी हांसिल की। अग्रवाल ने सेंटर की व्यवस्थाओं पर संतोष जाहिर किया और यहां क्वारंटीन लोगाें ने भी एसीएस के सामने तालियां बजाकर सरकार का अच्छी व्यवस्थाओं के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। प्रभारी सचिव अग्रवाल ने क्वारंटीन सेंटर में भोजन व्यवस्था एवं भोजन की गुणवत्ता, पेयजल व्यवस्था, क्वारंटीन लोगों की सैम्पल जांच, उनके रहने, सेनेटाइजेशन, मेडिकेशन एवं अन्य सुविधाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी हासिल की। इसके साथ ही दर्जनों क्वांरटीन लोगों से भी इन जानकारियों को पुख्ता किया। उन्होंने पूरे सेंटर में विभिन्न कार्याें के लिए लगाए गए अधिकारियों से भी फीडबैक लिया। इसके बाद अग्रवाल ने होटल क्लाक्र्स आमेर एवं होटल रॉयल ऑर्किड स्थित क्वारंटीन सेंटर्स का दौरा कर वहां की व्यवस्थाएं जानी। सभी जगह क्वारंटीन लोगों ने पूरी व्यवस्था की तारीफ करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। इस दौरे में अग्रवाल के साथ अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ एवं जिला प्रशासन में क्वारंटीन व्यवस्था के प्रभारी श्री अशोक कुमार एवं क्लाक्र्स आमेर एवं होटल रॉयल आर्किड स्थित क्वारंटीन सेंटर के दौरे में पर्यटन विभाग के उपनिदेशक श्री उपेन्द्र शेखावत भी शामिल रहे।