वैभव गहलोत ने भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए सैनिकों की शहादत को किया नमन

सेवा भारती समाचार

जोधपुर। मुख्यमंत्री के पुत्र और आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत कोरोनाकाल में पहली बार शुक्रवार को अपने गृह नगर जोधपुर आए। यहां उन्होंने सुबह शहीद स्मारक पर भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए भारतीय सैनिकों की शहादत को नमन कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान वहां कई कांग्रेसी नेता और पदाधिकारी उपस्थित थे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ से आज प्रदेशव्यापी शहीद सम्मान कार्यक्रम रखा गया था। जोधपुर में भी यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। जोधपुर में गौरवपथ स्थित शहीद स्मारक पर इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें मुख्य रूप से आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने भाग लिया। उनके साथ ही शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सईद अंसारी, पूर्व जेडीए अध्यक्ष राजेंद्रसिंह सोलंकी, पूर्व सांसद बद्रीराम जाखड़, सुनील परिहार सहित कई कांग्रेसी नेता व पदाधिकारी उपस्थित थे। उन्होंने शहीद स्मारक पर कैंडल जलाए और भारत-चीन सीमा पर शहीद हुए भारतीय सैनिकों की शहादत को नमन किया।  इस दौरान वैभव गहलोत ने मीडिया से बातचीत में कहा कि भारतीय सेना ने हमेशा दुश्मनों से लोहा लिया है। वो चाहे पाकिस्तान से युद्ध हो अथवा चीन से। भारतीय सेना कभी भी पीछे नहीं हटी और उसने हमेशा डटकर दुश्मन सेना से मुकाबला किया है। इसमें कई भारतीय सैनिक भी शहीद हुए है। हर भारतीय को इन सैनिकों की शहादत पर नाज है। कांग्रेस भी इन शहीदों को आज नमन कर रही है। वह दुख की इस घड़ी में हर शहीद के परिजन के साथ है। वैभव गहलोत से मिलने के लिए शहीद स्मारक पर कई लोग पहुंचे। महिला कांग्रेम कमेटी की पदाधिकारी व अन्य सदस्य भी आए। कई लोगों ने वैभव गहलोत को अपनी समस्याएं बताई। उन्होंने अपनी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी सौंपे। वैभव गहलोत ने सभी के ज्ञापन लिए और उनके समाधान का आश्वासन दिया। आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत ने दोपहर में जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित से कलेक्ट्रेट में उनके कक्ष में मुलाकात की और जिले में कोरोना को रोकने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी ली। उन्होंने जिला कलेक्टर से शहर में दिनों-दिन बढ़ रहे कोरोना संक्रमित और मौतों की संख्या पर चिंता भी जताई। इस दौरान वहां सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा भी उपस्थित थे।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button