हर घर गिलोय अभियान का आगाज
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। हर घर गिलोय अभियान का शुभारंभ जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने कलेक्ट्रेट परिसर में गिलोय की कलम लगाकर किया। जिला कलेक्टर ने इस अवसर पर कहा कि गिलोय के पौधे में विभिन्न गुणकारी तत्व होने के कारण यह रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने में लाभदायी माना जाता है। उन्होंने कहा कि जोधपुरवासियों के लिए इस अमृतमयी औषधिगुणों से युक्त पौधे को सर्वसुलभ बनाने के लिए यह अभियान प्रारंभ किया गया है। डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन आयुर्वेद विभाग की निदेशक डॉ. प्रेमलता जोशी ने कहा कि विभिन्न गुणकारी तत्वों के युक्त यह पौधा निश्चित रूप से वर्तमान समय में चल रहे विभिन रोगों से बचाव के लिए आवश्यक रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में हितकर सिद्ध होगा। गिलोय प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए प्रसिद्ध है। यह संक्रामक रोगों के अलावा बुखार, दर्द, मधुमेह, एसिडिटी, सर्दी, जुकाम, खून की कमी पूरी करने, कैंसर कोशिकाओं को नष्ट करने के अलावा रक्त शुद्ध करने व शारीरिक व मानसिक कमजोरी आदि में उपयोगी है। एडीएम द्वितीय महिपाल भारद्वाज ने बताया कि 15 जून से पूर्व हर उपयुक्त स्थान पर गिलोय की कलक लगाकर इसकी पौध विकसित होने तक देखभाव करनी है। जहां संभव हो गिलोय को नीम के पेड़ के पास रोपें। ऐसी गिलोय के औषधीय गुण अधिक होते है। गिलोय की कलम प्राप्त करने के लिए पोर्टल पर अपना नाम, पूरा डाक पता और मोबाइल नम्बर साझा कर जिला प्रशासन को आवेदन कर सकते है। आवेदन करने के बाद 5 दिनों में भीतर आवेदनकर्ता के घर पर गिलोय की कलम जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी। यह पोर्टल 10 जून तक जारी रहेगा। इस अवसर पर जिला कलेक्टर के साथ नगर निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने भी गिलोय का पौधारोपण किया। इस अवसर पर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्ण आयुर्वेद विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अरूण कुमार पुरोहित, एडीएम तृतीय अंजुम ताहिर सम्मा सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।