38 लोग तालियों की गडग़ड़ाहट के बीच हुए अस्पताल से विदा
- सेवा भारती समाचार
जोधपुर। शहर में शनिवार को एक साथ 38 लोग कोरोना को मात देकर अपने घर लौट गए। इस तरह शहर में अब तक 169 लोग पूर्ण रूप से ठीक होकर अपने घर या क्वारैंटाइन सेंटर जा चुके है। आज अस्पताल से घर लौटने वालों में से 12 जनों की उम्र 60 वर्ष से अधिक है। यानि बुजुर्ग लोग भी कोरोना को आसानी से मात दे रहे है। ठीक होने वालों में 19 पुरुष व 19 महिलाएं है।
जोधपुर शहर में इस सप्ताह के दौरान कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा तेजी से छलांग लगा आगे बढ़ा है, लेकिन अस्पताल से राहत भरा समाचार भी सामने आ रहा है। आज मथुरादास माथुर अस्पताल से एक साथ 38 जनों को घर के लिए रवाना किया गया। बड़ी मायूसी के साथ अस्पताल में भर्ती होने वाले ये लोग कोरोना को पराजित कर एक विजेता के समान आत्मविश्वास से लबरेज होकर यहां से विदा हुए। अस्पताल के चिकित्साकर्मियों ने तालियां बजा इन सभी को विदा किया। इस तरह जोधपुर शहर के अब तक 169 लोग स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके है। एमडीएम अस्पताल से अब तक 203 लोग स्वस्थ हो चुके है। इनमें पोकरण, पाली व बाड़मेर के लोग भी शामिल है।