जोधपुर मंडल के स्टेशनों की बदलने लगी तस्वीर
-अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत 266.17 करोड़ रुपए से हो रहा स्टेशनों का पुनर्विकास
-आकार लेने लगी स्टेशनों की नई इमारतें
जोधपुर। केंद्र सरकार की अमृत स्टेशन योजना के अंतर्गत जोधपुर रेल मंडल के पंद्रह रेलवे स्टेशनों की तस्वीर बदलने जा रही है।
रेलवे स्टेशनों पर मूलभूत यात्री सुविधाओं के विस्तार और उनके आधुनिकीकरण के उद्धेश्य से प्रारंभ की गई अमृत स्टेशन योजना के तहत मंडल के इन स्टेशनों को 266 करोड़ रुपए की लागत से संवारा जा रहा है और पुनर्विकास कार्य प्रगति पर होने से नए स्टेशन भवन धीरे-धीरे आकार लेने लगे हैं।
जोधपुर मंडल के डीआरएम पंकज कुमार सिंह ने बताया कि मंडल के चयनित पंद्रह रेलवे स्टेशनों को उच्च स्तरीय यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है जिसमें स्थानीय कला,संस्कृति,विरासत और वास्तुकला के समावेश पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि मंडल के इन रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास के तहत अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार व सर्कुलेटिंग एरिया का विकास,दुपहिया व चार पहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग,दोगुनी ऊंचाई वाले चौड़े प्रवेश कक्ष का प्रावधान तथा यात्रियों को उतारने व चढ़ाने के लिए अलग पोर्च बनाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसके तहत स्टेशनों पर 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुलों का भी निर्माण करवाया जाना है जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। उल्लेखनीय है कि यह पुल रेलवे स्टेशन को दोनों दिशाओं से जोड़ेगा। डीआरएम ने बताया कि पुनर्विकास के पश्चात यह सभी रेलवे स्टेशन सिटी सेंटर्स के रूप विकसित हो सकेंगे।
इसके साथ ही स्टेशनों पर आस-पास के क्षेत्रों से मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी देने,दिव्यांग यात्रियों को सुविधाओं सहित नए शौचालय ब्लॉक व पानी बूथों का प्रावधान,नए प्लेटफॉर्म सेल्टर्स का निर्माण,नए बिजनेस डेवलेपमेंट यूनिट कक्ष का निर्माण,महिलाओं व पुरुषों के लिए अलग -अलग वेटिंग रूम तथा स्टेशनों के आंतरिक व बाहरी भागों में आमूलचूल सुधार जैसे कार्यों को तरजीह दी जा रही है।
इन रेलवे स्टेशनों का हो रहा है पुनर्विकास
बालोतरा,बाड़मेर,जालोर,मारवाड़ भीनमाल,नागौर,मेड़ता रोड,नोखा,रेन,डेगाना,सुजानगढ़,डीडवाना,देशनोक,गोटन,फलोदी व रामदेवरा।