जोधपुर में देवासी समाज महाकुंभ रविवार को रावण का चबूतरा मैदान में

 जोधपुर। अखिल राजस्थान स्तर के देवासी समाज महाकुंभ का आयोजन रावण का चबूतरा मैदान में आयोजित किया जायेगा। आगामी विधानसभा सभा चुनाव में समाज के कद्दावर नेताओ को काग्रेंस और भाजपा से समाज बाहुल्य क्षेत्रों में टिकट देने की मांग भी इस शक्ति प्रर्दशन के दौरान की जायेगी। 

 प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया को संबोधित करते हुए आयोजन समिति के गणेश देवासी सुखदेव देवासी ने बताया कि पिछले दो माह से संपूर्ण राजस्थान में जनसंपर्क कर आमंत्रण हेतु पीले चावल बांटे गये, कल रविवार को रावण का चबूतरा मैदान पर आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में राजस्थान के समस्त जिलों से और देश के अन्य प्रदेशों से हजारों की तादाद में समाज बन्धु शामिल होंगे, सभा स्थल पर संपूर्ण तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। 

जेतेश्वर धाम सिणधरी महंत पारसाराम, संत तीर्थगिरी, बालसंत कृपाराम, राजयोगी संध्यानाथजी, महंत योगी लक्ष्मणनाथ  के सानिध्य में आयोजित होने वाले इस महाकुंभ में केंद्रीय उन कल्याण बोर्ड अध्यक्ष गोरधन राईका, राजस्थान

सरकार के पूर्व मंत्री रतन देवासी, पूर्व मंत्री ओटाराम देवासी, भाजपा के वरिष्ठ नेता जगदीश खाराबेरा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतपाल देवासी, सांवलाराम देवासी भीनमाल, भूपेंद्र देवासी जालौर, भंवरलाल देवासी सिवाना, वरिष्ठ नेता खानुराम रुडकली एवं सत्ताराम थापन सहित गुजरात से राज्यसभा सांसद बाबुभाई देसाई, पूर्व सांसद सागर राईका व कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, आंध्र प्रदेश राज्यों से बड़ी संख्या में प्रवासी लोग शामिल होंगे।

देवासी ने बताया कि वर्तमान शासन व्यवस्था के परिप्रेक्ष्य में देखा जाए तो लोकतांत्रिक प्रणाली में सरकारों से अपेक्षाएं व न्याय के लिए व्यापक संघर्ष एवं जन आन्दोलन के रूप में संख्याबल द्वारा प्रदर्शन करना पड़ता है।

आज की महत्ता व आवश्यकता को देखते हुए यह सुनहरा अवसर है, आजादी के बाद प्रथम बार विशाल महाकुंभ आयोजित कर समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शैक्षणिक उत्थान, पशुपालकों की समस्याओं, एमबीसी वर्ग आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करवाने, घूमंतू निष्क्रमणीय पशुपालक आवासीय विद्यालय खुलवाने सहित समाज के ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन कर निर्णय लिये जायेंगे । 

महाकुंभ आयोजन के प्रति संपूर्ण राजस्थान में भारी उत्साह है, प्रदेश के सुदूर क्षेत्रों के प्रत्येक गांव ढाणी से लोग बसों व गाडियों में जोधपुर पहुंच रहे हैं, बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी को मद्देनजर रखते हुए आयोजन समिति ने विशेष इंतजाम किए हैं, सभी लोगों से रेबारी समाज की संस्कृति की परिचायक पारंपरिक वेषभूषा में शामिल होने का आह्वान किया गया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button