कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए चुनाव 17 अक्टूबर को होगा, 19 को होगी वोटों की गिनती
सीएम अशोक गहलोत से अध्यक्ष पद संभालने का आग्रह
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर आज वर्किंग कमेटी में चर्चा की गई। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव 17 अक्टूबर 2022 को होगा और मतगणना 19 अक्टूबर को होगी। इसको लेकर वर्किंग कमेटी की बैठक आज दोपहर साढ़े तीन बजे वर्चुअल मोड में आयोजित की गयी।
दिग्गज नेता गुलाम नबी आजाद के इस्तीफे के बाद कांग्रेस के भविष्य और उसके अगले अध्यक्ष पर उठ रहे सवालों के बीच रविवार (28 अगस्त) को पार्टी की केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक हुई। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, सोनिया गांधी ने वर्चुअली रूप से शामिल होकर इस बैठक की अध्यक्षता की। गौरतलब है कि सोनिया गांधी इस समय मेडिकल चेकअप के लिए विदेश दौरे पर हैं और राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी उनके साथ हैं।
2019 से खाली है कांग्रेस अध्यक्ष का पद : बैठक में कांग्रेस पार्टी के नए अध्यक्ष और पार्टी के अगले अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों पर मंथन हुआ। गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष का पद 2019 के बाद से खाली है। राहुल गांधी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। वह पहले भी कांग्रेस नेताओं को संकेत दे चुके हैं कि उन्हें किसी विशेष पद में कोई दिलचस्पी नहीं है और वह पार्टी के लिए ऐसे काम करते रहेंगे।
गहलोत से अध्यक्ष पद संभालने का आग्रह : कांग्रेस ने कुछ दिन पहले ही नए अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया को टाल दिया था। हालांकि, अब तक कांग्रेस अध्यक्ष के लिए अब तक कोई दावेदारी सामने नहीं आई है। ऐसे में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को सीएम अशोक गहलोत से मुलाकात की थी। इस दौरान सोनिया गांधी ने गहलोत से कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने का आग्रह किया। हालांकि, गहलोत ने कहा है कि वह इस बारे में नहीं जानते और उन्हें खुद इस बारे में मीडिया से पता चला है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, वह उसे पूरा कर रहे हैं।