हर रविवार को आधा घंटे तक कार्यालयों व घरों में होगी विशेष सफाई

जोधपुर। प्रदेश के बारिश के मौसम के बाद वाली मौसमी बीमारियों (डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया) जैसी मच्छर जनित बीमारियों की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए समय पर इनकी रोकथाम व नियंत्रण हेतु जिला प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर जिला कलेक्टर इंद्रजीत सिंह ने एक आदेश जारी कर जिले के समस्त केंद्र सरकार व राज्य सरकार के जिला अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जुलाई माह से प्रत्येक रविवार-डेंगू पर वार विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए सहभागिता निभाए।
उन्होंने बताया कि इसके तहत मौसमी बीमारियों की रोकथाम व नियंत्रण गतिविधियों के साथ ही मच्छरों के प्रजनन स्थल को समाप्त करने हेतु सोर्स रिडक्शन की महत्वपूर्ण गतिविधियां संपादित करने के लिए जन समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। जिला कलेक्टर ने समस्त विभाग प्रमुखों से आग्रह करते हुए कहा कि वह अपने अधीनस्थ समस्त राजकीय स्टाफ एवं संबंधित निजी कार्यालय राजकीय व निजी शिक्षण संस्थान में प्रत्येक शुक्रवार को यह शपथ दिलाई जाए कि प्रत्येक रविवार को वह प्रात: 8 से 8:30 तक 30 मिनट्स अपने-अपने घरों में रखे पुराने टायर, मटके, कबाड़, कूलर व फ्रिज को ट्रे इत्यादि की सफाई करेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत मंडा ने बताया कि एडिस मच्छर का लार्वा साफ पानी के छोटे-छोटे पात्र में पनपता है। अगर प्रत्येक घर में इन पात्रों को साप्ताहिक रूप से साफ कर दिया जाए तो मलेरिया, डेंगू एवं चिकनगुनिया की रोकथाम की जा सकती है। डॉ. मंडा ने बताया कि इस विशेष अभियान को गतिशील करने के लिए इसी माह से हर रविवार 30 मिनट मलेरिया, डेंगू व चिकनगुनिया पर वार अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत प्रत्येक रविवार को प्रात: 8 से 8:30 बजे तक घर का प्रत्येक सदस्य घर में रखे हुए गमले, गमले की ट्रे, परिंदे, कूलर, फ्रिज की ट्रे, पानी की टंकी इत्यादि को खाली कर अच्छी तरह साफ़ सुखाकर पुणे उपयोग करने से उनमें पनपे मच्छर के अंडे व लार्वा को नष्ट किया जा सकता है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (स्वास्थ्य) डॉ प्रीतम सिंह सांखला ने बताया कि जिला प्रशासन के निर्देशन में चलाए जाने वाले इस विशेष अभियान के तहत आप अपनी भागीदारी निभाते हुए जिले को मौसमी बीमारियों के नियंत्रण एवं रोकथाम करने में अपनी भागीदारी निभाएं।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button