सीआरपीएफ की दस हजार किमी की रनिंग पूरी
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के नव आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र द्वारा फिट इंडिया फ्रीडम रन अभियान का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत 10 किलोमीटर की दौड़ लगाई जिसमें 5 किमी कार्मिकों और 5 किमी कार्मिकों के परिजनों द्वारा पूरा किया गया। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक व प्राचार्य महेंद्र कुमार ने बताया कि महानिदेशक डॉ. एपी महेश्वरी द्वारा प्राप्त निर्देशों के अनुसार सीआरपीएफ ने इस अभियान के तहत कुल एक करोड़ किमी रनिंग को पूरा करने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य के तहत सीआरपीएफ नवआरक्षी प्रशिक्षण केंद्र जोधपुर द्वारा समस्त कार्मिकों और उनके परिवार सदस्यों द्वारा दस हजार किमी की रनिंग पूरी कर ली है।
महेंद्र कुमार ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य लोगो के बीच फिटनेस को लेकर जागरूकता पैदा करना है, ताकि हमारे समाज व देश का हर एक नागरिक स्वस्थ रहे व फिट बने जिससे व किसी भी प्रकार की बीमारियों से खुद का बचाव करने में सक्षम बने, जिससे देश की वित्तीय व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के विकास में अपना पूर्ण योगदान दे सके। इस अवसर पर महेंद्र कुमार ने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति, स्वस्थ परिवार और स्वस्थ समाज यही केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाता है एवं यही नए भारत को श्रेष्ठ भारत बनाने का रास्ता है। उन्होंने संस्थान के समस्त कार्मिकों एवं परिवार जनों का इस अभियान से जुडने के लिए आभार प्रकट किया।