जिला स्तर पर कोरोना हैल्पलाईन नम्बर 181 सोमवार से शुरू होगी
सेवा भारती समाचार
पाली। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के आदेशानुसार जिले में कोविड़ 19 महामारी से प्रभावित किसी भी व्यक्ति या उसके परिजन को किसी भी परेशानी, सलाह या कोरोना से संबंधित जानकारी देने के लिए जिला स्तर पर कोरोना हैल्पलाईन नम्बर 181 सोमवार से शुरू होगी।
जिला कलक्टर अंश दीप ने बताया कि जिले में कोरोना से संक्रमित मरीज 181 नम्बर पर डायल करके कोरोना से संबंधित समस्या का समाधान तथा सलाह लेने के लिए हैल्पलाईन से सम्पर्क कर सकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री व चिकित्सा एवं स्वाथ्य विभाग के प्रमुख शासन सचिव के निर्देशानुसार जिला मुख्यालय स्तर पर कोरोना संक्रमित मरीज या आईएलआई लक्षण वाले बुखार, सर्दी, जुकाम आदि से पीड़ित 181 पर काॅल कर हैल्पलाईन से अपनी समस्या का समाधान करा सकते है। उन्होंने बताया कि 104 पर काॅल कर कोरोना मेडिकल एडवाईजरी की भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर बांगड़ अस्पताल पाली के कमरा नम्बर 48 के में स्थापित हैल्पलाईन नम्बर 02932-226909 पर आने वाली कोविड़ 19 से संबंधित सूचनाओं तथा लोगों द्वारा बताई गई समस्याओं के समाधान शीघ्र किया जाएगा। ये सेवाएं चौबीसों घण्टें उपलब्ध रहेगी। इसके लिए तीन पारीयों में कार्मिकों की नियुक्ति कर दी गई है। हैल्पलाईन व्यवस्था के प्रभारी अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्रसिंह चौधरी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा बांगड़ अस्पताल के पीएमओ को संयुक्त रूप से हैल्पलाईन का प्रभारी बनाया गया है।
वीसी आयोजित : हैल्पलाईन के संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के शासन सचिव द्वारा वीसी ली गई जिसमें जिले में कोविड़ 19 के संबंध में नवीनतम दिशा निर्देशों की पालना करने एवं कोरोना संक्रमण की रोकथाम के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। जिला कलक्टर अंश दीप, अतिरिक्त जिला कलक्टर वीरेन्द्रसिंह चौधरी, सीएमएचओ डाॅ. आर.पी.मिर्धा, बांगड़ अस्पताल के पीएमओ डाॅ. आर.पी.अरोड़ा सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।