घूस लेने के आरोपियों को भेजा जेल

सेवा भारती समाचार

जोधपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जोधपुर स्थित स्पेशल यूनिट ने बीस हजार रुपए की रिश्वत लेने के आरोपी जोधपुर डिस्कॉम के तकनीकी सहायक और निजी दलाल को कोर्ट के आदेश पर जेल भिजवा दिया है। उन्होंने यह राशि एक हेयर सैलून संचालक से बिजली मीटर में गड़बडिय़ों का मामला रफा-दफा करने की एवज में मांगी थी। एसीबी स्पेशल यूनिट के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दुर्गसिंह राजपुरोहित ने बताया कि देवाराम ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पादरू में हेयर कटिंग सैलून है। इस सैलून पर लगे मीटर में गड़बडिय़ां बताकर तकनीकी सहायक नवल किशोर मीणा व कनिष्ठ अभियन्ता जितेन्द्र सैनी उसकी दुकान पर आए और मीटर खोलकर ले गए। इसके बाद गड़बडिय़ों का मामला बताकर उसे रफा-दफा करने के लिए नवल किशोर मीणा ने देवाराम को फोन कर 20 हजार रुपए की मांग की। शिकायत का सत्यापन होने पर सोमवार सुबह देवाराम को बीस हजार रुपए देने के लिए फोन किया। उसके फोन करने पर नवल किशोर मीणा ने उक्त राशि एक निजी दलाल मिठाई विक्रेता भगवान प्रसाद उर्फ बाबूसिंह राजपुरोहित को देने को कहा। थोड़ी देर में बाबूसिंह पादरू में किराए के मकान में रहने वाले देवाराम के घर पहुंच गया। उसने यह राशि लेकर अपनी जेब में डाल दी। उसी समय पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। उसकी जेब से रंग लगे बीस हजार रुपए बरामद कर लिए गए। इसके बाद नवल किशोर मीणा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों को आज भ्रष्टाचार मामलात संबंधी अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश हुए।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button