सीएचसी झंवर में हुआ सफल सिजेरियन ऑपरेशन
- कोविड-19 की गाइडलाइन का रखा गया ध्यान
जोधपुर। वतर्मान में वैश्विक महामारी कोरोना संक्रमण के चलते हुए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना के बचाव व रोकथाम के साथ ही आवश्यक व आपातकालीन सेवाएं भी सुचारू रखी जा रही है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. बलवंत मंडा ने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार कोविड-19 की गाइडलाइन के तहत अन्य आवश्यक व आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू है। इसके तहत मातृ व शिशु स्वास्थ्य को ध्यान रखते हुए टीकाकरण अभियान व परिवार कल्याण आदि की नियमित सेवाएं संशोधित गाइडलाइन के तहत जिले में भी सुचारू कर दी गयी है। झंवर निवासी लीला को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झंवर में भर्ती करवाया गया। चिकित्सा अधिकारी प्रभारी डॉ. महेंद्र प्रकाश सोनी ने बताया कि लीला को आपातकालीन स्थिति में अस्पताल में भर्ती कर चिकित्सको की टीम ने जांच की। लीला के पूर्व में भी दो सिजेरियन प्रसव हो चुके थे, इसको ध्यान में रखते हुए चिकित्सको की टीम ने तय किया कि लीला के सिजेरियन प्रसव ही किया जाना उचित रहेगा। डॉ. सोनी ने बताया कि वर्तमान में कोविड-19 की गाइडलाइन के तहत प्रसूता की पहले कोरोना जांच करवाई गई, जिसकी जांच नेगेटिव रिपोर्ट आने के बाद चिकित्सको की टीम द्वारा प्रसूता लीला का सफलतापूर्वक सिजेरियन प्रसव करवाया गया। प्रसव के बाद जच्चा व बच्चा दोनों स्वस्थ है और चिकित्सको की टीम द्वारा निरन्तर देखभाल की जा रही है। सिजेरियन प्रसव टीम में एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र प्रकाश सोनी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मंजू गुप्ता, डॉ. हंसा सोनी, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश कुमार सोनी, नर्सिंग स्टाफ ओमप्रकाश चौधरी, मो. फारूक आदि की टीम ने अहम भूमिका निभाई।