आर्मी कमांडर ने किया जोधपुर मिलिट्री स्टेशन का दौरा
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। भारतीय सेना की दक्षिणी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सीपी मोहन्ती ने शुक्रवार को जोधपुर स्थित सैन्य क्षेत्र का दौरा कर सैन्य तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के साथ बैठक कर भारत-पाक सीमा पर चल रही हलचल से लेकर सेना की रणनीति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने जोधपुर सैन्य स्टेशन में करोना से निपटने के लिए किए जा रहे उपायों की जानकारी ली। साथ ही नागरिक प्रशासन को दिए जा रहे सहयोग पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सेना और नागरिक प्रशासन के बीच इस महामारी से निपटने के बेहतरीन तालमेल है और दोनों मिलकर अच्छा कार्य कर रहे है। देश के अन्य सभी सैन्य स्टेशनों पर इसी तर्ज पर कार्य किया जा रहा है। जनरल मोहन्ती ने सैन्य अधिकारियों की बैठक में क्षेत्र में सेना की गतिविधियों के साथ विभिन्न यूनिट्स की ओर से की जा रही तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। स्थानीय अधिकारियों ने उन्हें युद्ध के लिए हमेशा तैयार रहने को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में जानकारी दी गई। उल्लेखनीय है कि पश्चिमी मोर्चे पर पाक सीमा के निकट जोधपुर प्रमुख सैन्य बेस है। सेना की कोणार्क कोर का मुख्यालय भी यहीं पर है। यह कोर दक्षिणी कमान का ही हिस्सा है। इसके अलावा पोकरण में सबसे बड़ी फायरिंग रेंज है। इस रेंज में हमेशा सेना की विभिन्न यूनिट्स का युद्धाभ्यास चलता रहता है। ऐसे में दक्षिणी कमान के कमांडर का जोधपुर दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।