सरिया मार कर युवक की हत्या:परिजनों का अस्पताल में हंगामा

क्राइम रिपोर्टर एस.कुमार जोधपुर।

जोधपुर। शहर के निकटवर्ती तनावड़ा क्षेत्र में रहने वाले एक युवक के साथ कुछ बदमाशों ने मारपीट की। सिर में मारे गए सरिया से उसकी रविवार को मौत हो गई। घटना 20 मई को हुई। युवक मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती था। इधर आज उसकी मौत की सूचना पर परिजन और समाज के कई लोग मोर्चरी के बाहर एकत्र होकर बदमाशों की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने पर वे शांत हुए। इस बारे में पहले से ही हत्या प्रयास में केस दर्ज हो रखा था। उसके मरने पर अब हत्या की धारा जोड़ी गई है। बासनी पुलिस थाने में तनावड़ा निवासी महेश मेघवाल पुत्र मदनलाल मेघवाल ने रिपोर्ट दी। इसमें बताया कि उसका भाई 19 साल का अचलाराम उर्फ राहुल मेघवाल 18 मई को तनावड़ा स्थित जाखड़ मार्केट आनंद वाटिका की तरफ एक दुकान पर गया था। तब वहां पहले से मौजूद विष्णु जाखड़ और राजूराम नाम के दो शख्स ने मारपीट की। इस पर उसका भाई चोटिल हो गया। उसके भाई को अगले दिन फोन पर किसी पूनाराम नाम के व्यक्ति ने धमकी दी। 20 मई को उसके भाई के साथ फिर मारपीट की गई। इस दौरान हथियारों से लैस बदमाशों ने उसके सिर पर सरिया से वार किया और मरा समझ कर जाखड़ मार्केट के निकट रेलवे क्रॉसिंग के पास में पटक कर चले गए। पुलिस ने बताया कि अचलाराम उर्फ राहुल का मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार चल रहा था। मगर उसकी रविवार को मौत हो गई। मौत के समाचार पर समाज से जुड़े प्रतिनिधि और कई रिश्तेदार परिचित मोर्चरी पर जमा होकर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करने लगे। देर शाम तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। आखिरकार पुलिस अधिकारियों की समझाइश पर मामला शांत हुआ। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं बताई गई है।

Show More

Gulam Mohammed

(EDITOR SEVA BHARATI NEWS) ==> Seva Bharti News Paper Approved Journalist, Directorate of Information and Public Relations, Rajasthan, Jaipur (Raj.), Mobile 7014161119 More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button