कफ्र्यू व लॉकडाउन व्यवस्थाओं की समीक्षा
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। जिला प्रभारी सचिव नवीन महाजन ने पुलिस आयुक्त कार्यालय सभागार में जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की बैठक में कफ्र्यू व लॉकडाउन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। बैठक मे पुलिस आयुक्त प्रफुल्ल कुमार व जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित उपस्थित थे। प्रभारी सचिव को पुलिस आयुक्त प्रफुल्ल कुमार ने बताया कि कफ्र्यू क्षेत्र में सभी व्यवस्थाएं सही है। जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने बताया कि कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सरकारी उपभोक्ता भण्डार द्वारा व दवाईयों की व्यवस्था सुचारू चल रही है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम)प्रीति चन्द्रा व पुलिस उपायुक्त (पूर्व) धर्मेन्द्र सिंह ने बताया कि कफ्र्यूग्रस्त क्षेत्र में कफ्र्यू की सही तरह से पालना हो रही है और आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई में भी कोई दिक्कत नहीं है। पुलिस मित्रों का सहयोग मिल रहा है। नगर निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बैठक में बताया कि नगर निगम द्वारा 27 हजार पैकट 5 हजार परिवार को वितरित किए जा रहे है। प्रभारी सचिव ने जिला रसद अधिकारी राधेश्याम डेलू से राशन वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। नोडल अधिकरी व उप महानिरीक्षक पंजीयन डॉ आरडी बारहठ ने बताया कि सहकारी उपभोक्ता भण्डार द्वारा वाहनों से शहर के कफ्र्यूक्षेत्र में आवश्यक वस्तुओं की सप्लाई की जा रही है। प्रभारी सचिव ने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज डॉ जीएल मीणा से कोविड -19 के एक्टिव केसज व अब तक डिस्चार्ज की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए की अब लगभग 210 के केसज है। उन्होंने प्राचार्य को निर्देश दिए की गंभीर पॉजिटिव को एमडीएम व एमजीएच से अब एम्स में शिफ्ट कर दिया जावे। उन्होंने कहा इससे एमडीएम व एमजीएच में नॉन कोविड मेडिकल सर्विस सही हो जायेगी। उन्होंने जिला कलक्टर से कहा कि संभाग के अन्य जिलों के गंभीर कोविड-19 केसज को भी एम्स में भेजने के लिए उन जिला कलक्टर से बात कर लेवे। एम्स इसके लिए तैयार भी है। प्रभारी सचिव ने प्राचार्य से बॉयोमेक 4000 उपकरण के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि यह 2-3 दिन में पूरी तरह क्षमता से कार्य करना शुरू कर देगी। प्राचार्य ने बैठक में मॉस्क व अन्य आवश्यक उपकरण सीधे ही मेडिकल कॉलेज भिजवाने का सुझाव दिया। उन्होंने डॉ पीके खत्री से लंबित सैम्पल की स्थिति के बारे में जानकारी ली। डॉ खत्री ने बताया कि आउटपुट बढाना शुरू कर दिया है, 24 घंटे में ही सैम्पल रिपोर्ट आ जाती है। किसी तरह की पेंडेंसी नहीं है। प्रभारी सचिव ने बैठक में अधीक्षण अभियंता डिस्कॉम जोधपुर शहर वृत एमएस चारण को विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाये रखने व अधीक्षण अभियंता पीएचईडी को पेयजल आपूर्ति निरन्तर बनाये रखने के निर्देश दिए। बैठक में आईपीएस राजेश मीणा व उपायुक्त मुख्यालय कालूराम रावत भी उपस्थित थे।