कोरोना कहर: युवक की संदिग्ध हालात में मौत
सेवा भारतीय समाचार
जोधपुर। शहर के रातानाडा में रविवार को एक युवक की मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच के लिए शव को अपने कब्जे में लेना चाहा लेकिन परिजनों ने विरोध करना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस की मदद से शव को कब्जे में लेकर एमडीएम अस्पताल पहुंचाय गया। वहां पर इसका सैंपल लेकर जांच की जाएगी। जांच रिपोर्ट निगेटिव आने पर शव वापस परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
रातानाड़ा क्षेत्र की शक्ति कॉलोनी में कुछ लोगों ने चिकित्सा विभाग को सूचना दी कि उनकी कॉलोनी में आज 17 वर्षीय एक युवक रवि की मौत हो गई है। मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत की जानकारी मिलते ही चिकित्सा विभाग की एक एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई और शव को अपने कब्जे में लेना चाहा लेकिन परिजनों ने विरोध करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि यह सामान्य मौत है। विरोध बढ़ते देख चिकित्सा विभाग की टीम ने पुलिस को बुला लिया। बाद में पुलिस की मदद से समझाइश कर शव को एमडीएम अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सा विभाग का कहना है कि इसका सैंपल लिया जाएगा। यदि जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई तो शव का अंतिम संस्कार प्रशासन करेगा जबकि निगेटिव आने पर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।