घरों में ही मनाएंगे महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक
जोधपुर। चैत्र सुदी तेरस 6 अप्रैल को जैन धर्म के 24 वे तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी का जन्म कल्याणक महोत्सव जप, तप, त्याग, आराधना के साथ मनाया जाएगा। सलाहकार कानराज मोहनोत, मिठ्ठूलाल डागा, नरपतमल जैन ने बताया कि इस समय विश्व सबसे बड़ी त्रासदी के दौर से गुजर रहा है। हम सभी को भगवान महावीर के संदेश जिओ और जीने दो का पालन करते हुए संसार के समस्त प्राणियों व मानव मात्र के कल्याण के लिए आगे आकर देश हित में प्रत्येक परोपकारी कार्यों को प्रोत्साहन देना चाहिए। हम सभी भगवान महावीर का जन्मोत्सव शासन प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए मनाएंगे। अध्यक्ष शरद सुराणा व सचिव मितेश जैन ने बताया कि प्रात:कालीन जीवदया का कार्यक्रम गौशालाओं, मूक पक्षी, कुत्ते के बाड़े इत्यादि स्थानों पर आयोजित किया जाएगा। जिनशासन में संकट के समय मंत्र आराधना करने का विधान है। सुबह 10 बजे सामायिक, नवकार महामंत्र जाप, व मंत्र आराधना का अनुष्ठान आयोजित किया जाएगा। समिति कोषाध्यक्ष राकेश सुराणा ने बताया की इस दिन जरूरतमंदों, गरीब, नि:शक्तजनों की मदद करने हेतु भोजन के पैकेट इत्यादि मानव सेवा के कार्य किये जाएंगे। रक्तदान संयोजक तरुण कटारिया ने बताया कि विपदा की इस घड़ी में समिति द्वारा अलग अलग ब्लड बैंकों में दो-तीन सदस्य रक्तदान कर मानवता के पुनीत कार्य मे अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।वहीं श्री महावीर जैन नवयुवक मण्डल एवं भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव समिति, जोधपुर द्वारा भगवान महावीर स्वामी के 2619 वे जन्म कल्याणक महोत्सव का शुभारंभ जीव दया दिवस के रूप में किया गया। इस अवसर पर नगर निगम जोधपुर द्वारा संचालित नांदड़ी गौशाला में चारा वितरण किया गया। इस दौरान अध्यक्ष शरद सुराणा, उपाध्यक्ष विरेन्द्र कुमार सिंघवी, सचिव मितेश जैन, कोषाध्यक्ष राकेश सुराणा, सह कोषाध्यक्ष तरुण कटारिया, प्रचार मंत्री नीरज सामसुखा, खुश सिंघवी,सुरेश कवाड़, महेन्द्र कुंभट का सहयोग रहा।