राजस्थान के इन 13 जिलों में बारिश की आशंका
जयपुर। पश्चिमी विक्षोभ का असर राजस्थान में शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में बारिश की आशंका जताई है। इधर राजधानी में शनिवार को मौसम पलट गया। दिनभर बादल छाए रहे। शाम को सर्दी के बढ़ गई। तापमान में सात डिग्री की गिरावट दर्ज की गई।शाम चार बजे जहां पर अधिकतम तापमान 28 डिग्री दर्ज किया , वहीं रात को नौ बजे पारा गिरकर 21 डिग्री पर आ गया। ऐसे में रात को सर्दी का असर भी ज्यादा दिखा। मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, अजमेर, अलवर, झालावाड़, सीकर, बारां, बीकानेर, चूरू, हनुमानगढ़, जोधपुर, नागौर, पाली, श्रीगंगानगर में 25 से 27 नवंबर तक बारिश की भी आशंका जताई है। राजधानी में पिछले सप्ताह से सर्दी बढ़ रही है। वहीं हवा की रफ्तार कम होने से वातावरण में धूल के कण जमने लगे हैं। इसका असर वायु प्रदूषण पर हो रहा है। पिछले एक सप्ताह में फिर से शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के आंकड़े को पार कर गया। चिकित्सकों का कहना है कि ऐसी स्थिति में हृदय और दमा रोगियों को सांस लेने में भी तकलीफ हो सकती है।एक्यूआई का 200 से 300 के बीच पहुंचना खतरनाक है। एक्यूआई बढ़ाने में सबसे ज्यादा पीएम 2.5 और कार्बन मोनोऑक्साइड की मात्रा रहती है। इधर बढ़ते प्रदूषण को लेकर जिला प्रशासन ने आतिशबाजी नहीं करने, पटाखे न जलाने के निर्देश जारी कर रखे हैं। शनिवार को सर्वाधिक प्रदूषण का स्तर 200 के आकड़ें को पार कर गया, जबकि बीते तीन दिनों का औसत प्रदूषण का स्तर 180 के आसपास रहा। ठंड के कारण सुबह-सुबह कोहरा भी छाया रहा।