सूर्यनगरी में 31वें जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन का भव्य शुभारंभ
सेंट एंड्रयूज हॉल में पांच दिवसीय आयोजन शुरू, प्रभु की आराधना और मधुर भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल

जोधपुर। सूर्यनगरी में 31वें जोधपुर क्रिश्चियन कन्वेंशन (जे.सी.सी.) का शुभारंभ 17 अक्टूबर को सेंट एंड्रयूज हॉल में हर्षोल्लास के साथ हुआ। पांच दिवसीय इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन के पहले दिन मसीही समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रभु की आराधना की।
समारोह की शुरुआत आकाश में रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़कर की गई। इसके बाद कन्वेंशन के अध्यक्ष रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ ने विशेष प्रार्थना के साथ कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर अध्यक्ष रेव्ह. अमित कुमार श्रेष्ठ, उपाध्यक्ष रेव्ह. दलेर मसीह, रेव्ह. अविनाश मैसी, रेव्ह. क्रूस लॉयल तथा कन्वेंशन के मुख्य प्रचारक रेव्ह. राहुल कुचेकर सहित मसीही समाज के धर्मगुरुओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित किया।
धर्मगुरुओं का किया स्वागत
कार्यक्रम के दौरान सचिव ने आमंत्रित अतिथियों का परिचय दिया। आयोजन समिति के सदस्यों ने जोधपुर के विभिन्न गिरजाघरों से पधारे धर्मगुरुओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया। पहले दिन दिल्ली से आए रेव्ह. राहुल कुचेकर ने प्रभु का पवित्र वचन सुनाया और श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया।
इस दौरान जे.सी.सी. क्वायर की ओर से प्रस्तुत मधुर गीतों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। गीतों और सामूहिक आराधना से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
मसीही साहित्य और सजावटी वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र
मीडिया प्रभारी नवीन पॉल और संजीव बहादुर ने बताया कि कन्वेंशन के दौरान जोधपुर सहित बाहर से आए विक्रेताओं की ओर से मसीही साहित्य और सजावट से जुड़ी वस्तुओं की विशेष दुकानें लगाई गई हैं। ये दुकानें आयोजन में आने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
विभिन्न समितियों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
कन्वेंशन के सफल एवं सुचारू संचालन के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। सचिव अनुराग लाल और कोषाध्यक्ष रॉबिंसन विलियम के साथ आयोजन की व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग संयोजक नियुक्त किए गए हैं।
- प्रार्थना कमेटी: पास्टर विनय अल्फ्रेड
- पंडाल कमेटी: नवीन पॉल
- रिसेप्शन कमेटी: रेव्ह. क्रूस लॉयल
- क्वायर कमेटी: संदीप मसीह
- पब्लिसिटी कमेटी: संजीव बहादुर
- वॉलंटियर कमेटी: अमित पॉल
- ट्रांसपोर्ट कमेटी: सैमसन मैसी
- फाइनेंस कमेटी: विजेश कुमार
- कैटरिंग कमेटी: अमित बेंजामिन
- स्टूअर्टशिप कमेटी: सुशील हाबिल
इसके अलावा वीनस मार्टिन, पवन, रवि जौन और अंशुल अगस्टिन ने भी आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
पांच दिनों तक चलने वाले इस कन्वेंशन में आगामी दिनों में भी विभिन्न धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर मसीही समाज में उत्साह का माहौल है।
