एजुकेट गर्ल्स ने लड़कियों को शिक्षा से जोड़ने के लिए आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किया प्रशिक्षित

जोधपुर। बालिका शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत गैर-लाभकारी संस्था एजुकेट गर्ल्स ने समुदाय में सकारात्मक बदलाव लाने और बालिकाओं को सशक्त बनाने के सामूहिक प्रयास में एकत्रित परियोजना के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया था | एजुकेट गर्ल्स के “एकत्रित परियोजना” का उद्देश्य बालिका कल्याण को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा मजबूत मॉडेल बनाना है जिससे केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही सामाजिक योजनाओं जैसे शैक्षिक एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं का शत प्रतिशत कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जा सकें और जो लड़कियां स्कूल नहीं जाती है उन्हें औपचारिक शिक्षा की धारा से जोड़ा जा सके | सिरोही, जालोर, उदयपुर, बांसवाड़ा, बूंदी और झालावाड़ में हुए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 226 गांवों में से 340 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण लिया |
इस एक दिवसीय प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और अन्य कार्मिको की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करना है जिससे समर्पित व्यक्ति परियोजना के उद्देश्यों और गतिविधियों के बारे में व्यापक समझ हासिल कर सकें। साथ ही डेटा संग्रह में आनेवाली चुनौतियाँ का समाधान करने, सामुदायिक जागरूकता बढ़ाने और लड़कियों को दस्तावेज़ीकरण प्रक्रिया में सहायता करने के लिए सहयोग कर सकें।  प्रशिक्षण के माध्यम से आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शिक्षा सेतु योजना, उड़ान सॅनेटरी नैपकिन योजना और लड़कियों के उत्थान के लिए बनाई गई विभिन्न योजनाओं के साथ दस्तावेज़ीकरण शिविर आयोजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
एजुकेट गर्ल्स संस्था के राजस्थान के स्टेट ऑपरेशन लीड ब्रजेश कुमार सिन्हा ने बताया, “एकत्रित परियोजना का मूल उद्देश्य है बालिकाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं के साथ जोड़ना । इस प्रयास से बालिकाओं को राज्य और केंद्र सरकार द्वारा संचालित शिक्षा और सामाजिक योजनाओं से जुड़ने का मौका मिलेगा |  हम हर शिक्षा से वंचित लड़की तक पहुंचने की आकांक्षा रखते हैं और उन्हे औपचारिक शिक्षा की दिशा में अग्रसर करना चाहते है ।  प्रशिक्षण के माध्यम से सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ता परियोजना के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।”

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button