बड़ली भैरूजी पहुँची भोगीशैल परिक्रमा यात्रा
– परिक्रमा यात्रा उमड़ा आस्था का सैलाब
– श्रद्धालुओं ने बड़ली भैरूजी के दर्शन किए
– तीसरा पड़ाव बड़ली भैरुजी व रात्रि विश्राम करेगी।
जोधपुर। हिंदू सेवा मंडल की ओर से मारवाड़ का महाकुंभ भोगीशैल परिक्रमा यात्रा आज सुबह अपने अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। इस दौरान यात्रा में आस्था का सैलाब देखने को मिला। यात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालु अपने अगले पड़ाव की ओर चलते रहे। इन श्रद्धालुओं का रास्ते में अनेक संस्थाओं व लोगों द्वारा स्वागत व खाने-पीने के लिए मान-मनुहार की जा रही है।
भोगीशैल परिक्रमा यात्रा आयोजन समिति के सचिव विष्णुचंद्र प्रजापत ने बताया कि परिक्रमा यात्रा का पहला पड़ाव भाटिया चौराहा पर हुआ था व दूसरा पड़ाव चौपासनी गांव पर वहां से अगले पड़ाव के लिए रवाना हुई। चौपासनी गांव से सुबह रवाना होकर हथकरघा भवन, दंताल माता, श्रीजी बैठक, कच्छवाह चौराहा से होते हुए पहाड़ी मार्ग से गुजरती हुई। अरना-झरना, भदरेसिया, कदमकंडी होते हुए बड़ली भैरुजी पहुंची और तीसरा पड़ाव होगा व रात्रि विश्राम करेगी।
अगले दिन 31 जुलाई को सुबह यात्रा प्रारंभ होकर सोढ़ों की ढाणी, रूपावतों का बेरा, भूरी बेरी, वृहस्पति कुंड होते हुए बैद्यनाथ मंदिर पहुंच रात्रि विश्राम करेगी।
एक अगस्त को सुबह बैद्यनाथ से यात्रा प्रारंभ होगी जो मंडलनाथ महादेव, कुंडली माता, बीएसएफ, जोगी तीर्थ, दईजर माता से पहाड़ी मार्ग होते हुए बेरी गंगा पहुंच रात्रि विश्राम वहीं करेगी।
दो अगस्त को सुबह यात्रा रवाना होकर निंबली, नींबा तीर्थ, रेलवे स्टेशन, बालाजी मंदिर होते हुए मंडोर उद्यान पहुंचेगी तथा दिनभर विश्राम करेगी।
तीन अगस्त को सुबह परिक्रमा रवाना होकर संतोषी माता मंदिर, शीतला माता मंदिर, शेखावत बालाजी, उम्मेद भवन, रातानाड़ा गणेश मंदिर, पुलिस लाइन, सोजती गेट, कंदोई बाजार, कपड़ा बाजार, जूनी मंडी, गंगश्यामजी मंदिर होते हुए घंटाघर स्थित मंडल कार्यालय पहुंच संपन्न होगी।
इससे पहले तीन अगस्त को सुबह जब शेखासरजी तालाब होते हुए यात्री उम्मेद भवन पहुंचेंगे तब वहां पर पूर्व नरेश गजसिंह, हेमलता राजे, शिवराज सिंह, गायत्री परिवार, बाईजीलाल शिवरंजनी व राज परिवार के अन्य सदस्य श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा से स्वागत करेंगे। साथ ही ध्वज पूजन कर आयोजन समिति के पदाधिकारियों का स्वागत अभिनंदन करेंगे।