जमीनी विवाद में युवक की हत्या, परिजनों ने किया प्रदर्शन
- क्राइम रिपोर्टर एस.कुमार जोधपुर।
सेवा भारती समाचार
जोधपुर। शहर के निकटवर्ती गुढ़ा विश्नोइयान गांव में जमीनी विवाद के चलते कुछ लोगों ने अपने रिश्तेदार पर लाठियों व बैसबॉब बल्ले से पिटाई कर दी। इस घायल युवक की मथुरादास माथुर अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत के बाद आज सुबह अस्पताल में मोर्चरी के बाहर काफी संख्या में परिजन व परिचितों की भीड़ जमा हो गई और हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लग गए। उन्होंने मांग पूरी नहीं होने तक शव का ले जाने से मना कर दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उनसे समझाइश की।एसीपी बोरानाडा मांगीालाल राठौड़ ने बताया कि गुढ़ा विश्नोइयान गांव का रहने वाला जंवरीलाल (25) पुत्र बाबूलाल विश्नोई गत 18 मई को अपनी बाइक पर दूध लेकर घर की तरफ लौट रहा था। तब बीच रास्ते अशोक व उसके भाई सुभाष विश्नोई पुत्र तेजाराम, दिनेश पुत्र मांगीलाल, निरमा पत्नी अशोक एवं सोहनी पत्नी तेजाराम आदि ने उसका पीछा करते हुए बाइक को टक्कर मारकर रूकवाया और लाठियों व बैसबॉल बल्ले से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हुए जंवरीलाल को उपचार के लिए उसी दिन मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया लेकिन उसकी शुक्रवार रात को उपचार के दौरान मौत हो गई। उसकी मौत की सूचना मिलने पर आज सुबह काफी संख्या में परिजन व परिचित अस्पताल पहुंच गए। यहां उन्होंने मोर्चरी के बाहर धरना दे दिया और हत्या के सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करने लग। मांग पूरी नहीं होने तक शव ले जाने से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस के उच्च अधिकारी वहां पहुंचे और समझाइश की।एसीपी राठौड़ ने बताया कि वक्त घटना पर हत्या प्रयास का केस दर्ज किया गया था। एक अभियुक्त अशोक खावां को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। आरंभिक पड़ताल में सामने आया कि इनके बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। मृतक जंवरीलाल के पिता बाबूलाल की तरफ से केस दर्ज करवाया गया है।