400 बेड का कोविड-19 केयर सेंटर तैयार
जोधपुर। शहर में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से झंवर रोड स्थित जोधपुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय की बिल्डिंग को कोविड केयर सेंटर के रूप में तैयार किया गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर जिला कलेक्टर डॉ प्रकाश राजपुरोहित के निर्देश पर जिला परिषद, नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, डिस्कॉम, जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने एक पखवाड़े तक अथक प्रयास कर कोल्ड केयर सेंटर तैयार किया है। इस कोविड केयर सेंटर के तैयार होने से एमडीएम में बढ़ रहे लोड को कम किया जा सकेगा और यह इस सेंटर को हॉस्पिटल यूनिट के रूप में काम लिया जाएगा ।
निगम आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि कोरोना संक्रमण के बढऩे के कारण एमडीएम अस्पताल में मरीजों का काफी दबाव बढ़ रहा था, इसको देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ प्रकाश राजपुरोहित ने इसके लिए विकल्प तलाशने के निर्देश दिए थे, जिस पर झंवर रोड स्थित जोधपुर राष्ट्रीय विश्वविद्यालय का चयन किया गया। आयुक्त सुरेश कुमार ओला ने बताया कि पिछले 5 वर्षों से यह भवन बंद पड़ा था। बैंक द्वारा इस भवन को अधिग्रहित कर लिया गया था ओर यहां विद्युत कनेक्शन, पानी कनेक्शन भी नहीं था। कंटीली झाडिय़ां और कचरे के ढेर पड़े थे। आयुक्त ओला ने बताया कि जिला परिषद इंद्रजीत यादव, एडीएम सिटी सीमा कविया के निर्देशन में डिस्कॉम के अधिकारियों ने विद्युत व्यवस्था को बहाल किया वहीं जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने यह पानी की आपूर्ति के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की। मेडिकल टीम ने इस पूरे परिसर को विसंक्रमित करने का भी काम पूरा कर लिया है। उन्होंने बताया कि नगर निगम उपायुक्त अश्विनी के पंवार, उपखंड अधिकारी लूणी गोपाल परिहार, नायब तहसीलदार झंवर रवि शंकर चौधरी, सीएसआई रमेश गिरी की टीम ने लगभग 15 दिनों में इस कोविड केयर सेंटर को तैयार किया है अब अगले 48 घंटों में इस कोविड केयर सेंटर को मेडिकल विभाग के हैंड ओवर कर दिया जाएगा। अब यहां 400 बेड का कोविड केयर सेंटर बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने बताया कि निगम कर्मचारियों ने पूरे भवन को साफ करने के साथ ही बिल्डिंग को विसंक्रमित करने का भी काम किया है और क्वॉरेंटाइन सेंटर की नियमित सफाई के लिए 10 कर्मचारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है।