समग्र शिक्षक संघ की मांगो पर सीएमओ से कार्यवाही के निर्देश
सिरोही(जयन्तिलाल दाणा)। राजस्थान समग्र शिक्षक संघ द्वारा शिक्षकों एवं कार्मिकांे की मांगों के संबंध में राज्य के मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापनों में वर्णित मांगों पर कार्यवाही के लिए प्रमुख शासन सचिव, वित्त विभाग एवं स्कूल शिक्षा विभाग को पृथक-पृथक पत्र जारी कर मुख्यमंत्री कार्यालय से नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए है। संगठन के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. उदयसिंह डिंगार ने बताया कि समग्र शिक्षक संघ द्वारा मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापनों पर मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव ने पत्र जारी कर शिक्षकांे के कोरोना काल के दौरान मार्च माह के लगभग 16 दिवस के रोके गए वेतन का भुगतान करने, बकाया महंगाई भत्ते के भुगतान एवं उपार्जित अवकाश के नकद भुगतान से रोक हटवाने के संबंध में प्रमुख शासन सचिव वित्त विभाग को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया है। डिंगार ने बताया कि इसी प्रकार प्रमुख शासन सचिव स्कूल शिक्षा विभागो को भी अलग अलग पत्र जारी कर शिक्षकों एवं कार्मिकों द्वारा राजकीय अवकाश के दौरान किए जाने वाले ड्यूटी के एवज में उपार्जित अवकाश दिलवाने एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों में कार्यरत् प्लेसमेंट की अध्यापिकाओं एवं कार्मिकों को उचित न्याय दिलवाने के संबध्ंा में निर्देशानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। डिंगार ने बताया कि शिक्षकों एवं कार्मिकों की वाजिब एवं विधि सम्मत मांगों के समाधान के लिए राजस्थान समग्र शिक्षक संघ सतत प्रयत्नशील रहेगा।