जिले में पीएमएसएमए के उत्कृष्ट कार्यों के लिए हुआ सम्मान समारोह, सोजत के पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता हुए सम्मानित।

पाली /सोजत । प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के अंतर्गत जिले में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले चिकित्सा अधिकारियों के सम्मान में शुक्रवार को स्वास्थ्य भवन में जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर अभियान में सराहनीय कार्य करने वाले 12 चिकित्सा संस्थानों के चिकित्सा अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

सम्मान समारोह में सोजत के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. राजेश गुप्ता को भी उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनके सम्मानित होने पर सहकर्मियों एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सीएमएचओ डॉ. विकास मारवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को स्त्री रोग विशेषज्ञ एवं चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उनका सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह की 9, 18 एवं 27 तारीख को जिला अस्पताल, उप जिला अस्पताल, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा पांच शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पीएमएसएमए का आयोजन नियमित रूप से किया जाता है।

इन चिकित्सा संस्थानों को किया गया सम्मानित
पीएमएसएमए में सराहनीय कार्य के लिए जिला अस्पताल सोजत, उप जिला अस्पताल सुमेरपुर, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रानी, सादड़ी, कोसेलाव एवं सांडेराव के प्रमुख चिकित्सा अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसी प्रकार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोडिया, चामुंडेरी, चांचोड़ी, अटबड़ा, सारण तथा राजकीय शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टैगोर नगर के चिकित्सा अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर बहुमान किया गया।

कार्यक्रम में बांगड़ अस्पताल अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार, अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. जीतकुमार गुर्जर, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. वेदांत गर्ग, आरसीएचओ डॉ. विजेन्द्रपाल सिंह चुंडावत, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. उजमा जबीन, सोजत पीएमओ डॉ. राजेश गुप्ता, सुमेरपुर पीएमओ डॉ. महिपाल परमार, डीपीएम भवानी सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

समारोह के अंत में सभी अधिकारियों ने मातृ स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा जिले में सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देने के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button