सोजत में “सुरीलो राजस्थान” सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित
सोजत। श्री विजय आदर्श माध्यमिक विद्यालय में “सुरीलो राजस्थान” सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनोप सिंह लखावत चारण गढवी इंटरनेशनल फाउंडेशन चेयरमैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान एक सशक्त राज्य है, जिसका कई चरणों से गुजरने के बाद वर्ष 1956 में एकीकरण पूर्ण हुआ। उन्होंने कहा कि हमें अपने प्रदेश के विकास के लिए सर्वोत्तम योगदान देना चाहिए तथा विशेष रूप से बालिका शिक्षा और उनके स्वास्थ्य के प्रति सजग रहना आवश्यक है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा ने कहा कि राजस्थान प्रतिभा की खान है और यह त्याग, शौर्य एवं भक्ति की संगम स्थली रहा है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत विकास परिषद् अध्यक्ष देवीलाल सांखला, अभिनव कला मंच अध्यक्ष गोरधन लाल गहलोत, शा. शि. जिला संरक्षक सलुसिंह भाटी एवं भामाशाह पुरुषोत्तम चारिक उपस्थित रहे। प्रधानाचार्य दिनेश सोलंकी ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने राजस्थानी संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिसमें खम्मा घणी जी खम्मा घणी, म्हारो प्यारो राजस्थान, आ तो सुरंगा ने शरमावै इण पर देव रमण ने आवै, बोली प्यारी लागे, एजुकेशन ड्रामा कंधों पर लेकर चले जिम्मेदारी, बम बम भोले, केसरिया बालम आओ नी पधारो म्हारे देश, वेलकम टू राजस्थान आदि गीत, नृत्य एवं कविताओं ने सभी का मन मोह लिया। सोजत महोत्सव समिति सचिव एवं कार्यक्रम के निर्देशक चेतन व्यास ने चॉकलेट राउंड के माध्यम से राजस्थान से संबंधित रोचक प्रश्नोत्तरी का संचालन किया।
इस अवसर पर धनाराम सोलंकी, कोरियोग्राफर, समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया अध्यक्ष रामस्वरूप भटनागर, रवीन्द्र भटनागर, डॉ. रशीद गौरी, अशोक सैन, जवरी लाल बौराणा, करण सिंह मोयल, कानाराम चौधरी, दुर्गेश व्यास, पूनम भटनागर, आशा माली, गजेन्द्र सिंह, शहबाज खान सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कक्षा दसवीं बोर्ड में उत्कृष्ट परिणाम देने वाले छात्र-छात्राओं सहित अन्य कक्षाओं में स्थान प्राप्त करने वाली प्रतिभाओं एवं विद्यालय स्टाफ को सोजत महोत्सव समिति, भारत विकास परिषद् तथा भामाशाह पुरुषोत्तम वैष्णव द्वारा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सरस संचालन चेतन व्यास ने किया।